महिला आरक्षण मुद्दे पर भाजपा का आक्रामक रुख, विपक्ष को घेरने की व्यापक रणनीति

देहरादून, संवाददाता:
नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पारित न होने के मुद्दे पर भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाई है। मंगलवार को आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र के बाद पार्टी ने इस मुद्दे को सरकार से लेकर स्थानीय निकायों तक उठाने की पूरी तैयारी कर ली है।

प्रदेश विधानसभा में महिला सम्मान विषय पर विशेष चर्चा के बीच सरकार विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। भाजपा का उद्देश्य इस मुद्दे पर विपक्ष की घेराबंदी करना और महिला आरक्षण को लेकर उसकी स्थिति को जनता के सामने उजागर करना है।

भाजपा ने इस अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने की योजना बनाई है। विशेष सत्र के बाद सभी नगर निगमों की बोर्ड बैठकों में निंदा प्रस्ताव लाए जाएंगे। इसके साथ ही जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत स्तर तक भी यही रणनीति अपनाई जाएगी, ताकि मुद्दे को लगातार जीवित रखा जा सके।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष ने मातृशक्ति का अपमान किया है और पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा हर स्तर पर इसका विरोध दर्ज कराएगी।

शाम को मशाल जुलूस का आयोजन
दिन में विशेष सत्र के बाद भाजपा महिला मोर्चा की ओर से राजधानी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई वरिष्ठ नेता और महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी। जुलूस का उद्देश्य महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ जनसमर्थन जुटाना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रस्तावित दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का देहरादून दौरा अगले महीने प्रस्तावित है। वे आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। हालांकि दौरे की तिथि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन मई के पहले सप्ताह में उनके आगमन की संभावना जताई जा रही है।