रुड़की, संवाददाता। बाल विकास परियोजना रुड़की शहरी की ओर से गुरुवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत शहरी क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम की जानकारी देने के लिए वर्कशॉप भी आयोजित की गई।
गुरुवार को अंबरतालाब स्थित धर्मशाला में बाल विकास परियोजना + रुड़की शहरी की ओर से सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया।

इसमें रुड़की शहरी क्षेत्र के हर सेक्टर से एक कार्यकर्ता का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया। बाल विकास अधिकारी संदीप अरोडा ने बताया कि वैसे तो हर कार्यकर्ता मेहनत से काम कर रही हैं, फिर भी हर सेक्टर से एक कार्यकर्ता का चयन किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभाग के सभी कार्य निष्ठा से पूरे करती हैं। इसके बाद वह घर भी संभालती है इसलिए वह सम्मान की अधिकारी है। इस मौके पर सम्मानित होने वाली महिलाओं में तबस्सुम, प्रवीण कल्याणी, प्रिया अग्रवाल, आरती गोयल, सविता रानी, सीमा रानी, मंजू यादव, रेशमा, फरीदा आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सुपरवाइजर गीता भंडारी, सुनीता शर्मा, योगेश राठोर आदि मौजूद रहे।