बहन की मौत के बाद जीजा पर गंभीर बीमारी छिपाने और फर्जी रिपोर्ट बनाने का आरोप, मुकदमा दर्ज

देहरादून। पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहन की मृत्यु के बाद उसके पति पर गंभीर बीमारी छिपाने तथा फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में माजरी माफी निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बहन को 14 फरवरी 2026 को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान वह एचआईवी संक्रमित पाई गईं। चिकित्सकों ने इसके बाद उनके पति और पुत्र की भी जांच कराने की सलाह दी थी।

शिकायत के अनुसार, मृतका का पति अस्पताल से चला गया और उसने अपनी जांच नहीं कराई। कुछ दिनों बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से एचआईवी जांच रिपोर्ट भेजी, जिसे ग्राफिक एरा अस्पताल, धूलकोट की रिपोर्ट बताया गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन से जानकारी लेने पर पता चला कि रिपोर्ट पर दर्ज यूएचआईडी नंबर किसी अन्य महिला मरीज का था तथा पति के नाम से कोई जांच दर्ज नहीं मिली। इससे रिपोर्ट के फर्जी होने की आशंका जताई गई है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मृतका के पति ने इन्द्रेश अस्पताल में दोबारा जांच कराने से भी इनकार कर दिया था। उपचार के दौरान 2 मार्च 2026 को विवाहिता की मृत्यु हो गई।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति ने अपनी बीमारी को छिपाया, फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और इससे मृतका की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।