शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

पिरान कलियर। एक युवती ने कोतवाली कलियर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली युवती ने बताया कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात कलियर क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने प्रेम संबंध स्थापित कर उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी युवक पहले से ही किसी अन्य युवती से शादी कर चुका है। इसके बाद जब वह अपने परिजनों के साथ युवक के गांव पहुंची और उससे जवाब मांगा, तो युवक तथा उसके परिजनों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की।

युवती का आरोप है कि उसे एक कमरे में बंद कर जबरन समझौते के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही मामले को दबाने के लिए पैसों का लालच भी दिया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो और फोटो बना रखे हैं तथा उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उसे विभिन्न होटलों में ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।

युवती ने एसएसपी हरिद्वार से आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।