हरिद्वार-जबलपुर पूजा स्पेशल ट्रेन के संचालन की तारीख बदली, अब 22 अक्तूबर से चलेगी

रेलवे ने घटाए फेरे, दोनों दिशाओं में पांच-पांच चक्कर लगाएगी ट्रेन; त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी सुविधा

हरिद्वार। त्योहारों के दौरान हरिद्वार और जबलपुर के बीच संचालित होने वाली पूजा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के संचालन की तारीखों में रेलवे ने बदलाव किया है। अब यह ट्रेन 8 अक्तूबर के बजाय 22 अक्तूबर से संचालित होगी। इसके अलावा ट्रेन के फेरों में भी कटौती की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 01703-04 जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर पूजा फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 22 अक्तूबर से 20 नवंबर के बीच दोनों दिशाओं में पांच-पांच फेरे लगाएगी।

जबलपुर से यह ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार को दोपहर 3:30 बजे रवाना होकर कटनी, दमोह, सागर, बीना-मलखेड़ी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर, आगरा कैंट, अलीगढ़, खुर्जा, हापुड़, मेरठ सिटी और रुड़की होते हुए अगले दिन दोपहर 2:20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं, हरिद्वार से ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 3:10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4:20 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

दो अन्य पूजा स्पेशल ट्रेनों के भी बढ़ाए गए फेरे

लक्सर। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि त्योहारों के दौरान गाड़ी संख्या 04603-04 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन का संचालन 4 अक्तूबर से 1 दिसंबर तक दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरों के साथ किया जाएगा।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04609-10 जम्मूतवी-वाराणसी-जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन 1 अक्तूबर से 27 नवंबर तक दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे लगाएगी। दोनों ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।