

पत्नी की हत्या के बाद फरार हुआ आरोपी, मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला का शव ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। हत्या के बाद महिला के पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात बताई। घटना के बाद से आरोपी पति धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम एक प्लॉट के अंदर बने कमरे में पहुंची, जहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत गोली लगने से हुई है।
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का घर भी पास में है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह हत्या की घटना सामने आई।
मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के मेघा शकरपुर गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
