

हरिद्वार। भारतीय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित आचार्यकुलम में आयोजित दूसरे राष्ट्रीय खेल-2026 में स्वामी दर्शनानंद गुरुकुल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई पदक और स्थान हासिल किए। खिलाड़ियों ने कबड्डी, फुटबॉल, बास्केटबॉल और बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में गुरुकुल की टीम ने अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में आचार्यकुलम की टीम को हराकर पहला स्थान हासिल किया। फुटबॉल के अंडर-14 वर्ग में टीम ने तीसरा, अंडर-17 में दूसरा और अंडर-19 वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। बास्केटबॉल में अंडर-17 वर्ग में तीसरा और अंडर-19 में दूसरा स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
बैडमिंटन के अंडर-14 एकल वर्ग में देव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 डबल्स में भूपति और देव की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही। अंडर-19 एकल वर्ग में रक्षित ने दूसरा और गोविंदा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान स्वामी रामदेव ने भी कबड्डी टीम के साथ मैदान में उतरकर युवा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें कबड्डी की बारीकियों से परिचित कराया।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने सभी ब्रह्मचारियों को बधाई दी। विजेता और पदक हासिल करने वाले छात्रों के सम्मान में गुरुकुल में समारोह आयोजित किया गया।
