बीपीएल कार्डधारकों को आठ माह से नहीं मिली चीनी

राशन की दुकानों के चक्कर काट रहे ग्रामीण, डीएम और जिला पूर्ति अधिकारी से लगाई गुहार

पथरी। क्षेत्र के कई गांवों में बीपीएल कार्डधारकों को पिछले आठ माह से राशन की दुकानों से चीनी नहीं मिल रही है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। चीनी के दाम बढ़ने के बाद बीपीएल कार्डधारक सस्ते दाम पर मिलने वाली सरकारी चीनी के लिए राशन की दुकानों के चक्कर काट रहे हैं। ग्रामीणों ने डीएम और जिला पूर्ति अधिकारी से जल्द चीनी उपलब्ध कराने की मांग की है।

कटारपुर, चांदपुर, फेरूपुर रामखेड़ा, धनपुरा, पदार्था, शाहपुर शीतलाखेड़ा, रानीमाजरा, बाणगंगा नंबर-2, बादशाहपुर, नसीरपुर कलां, भोवापुर चमरावल समेत कई ग्राम पंचायतों के बीपीएल कार्डधारक चीनी मिलने की उम्मीद में राशन की दुकानों पर पहुंच रहे हैं।

राशन डीलरों का कहना है कि कई माह से खाद्य विभाग के गोदाम से बीपीएल कार्डधारकों के लिए चीनी की आपूर्ति नहीं हुई है। गोदाम से चीनी मिलते ही कार्डधारकों को वितरित कर दी जाएगी।

सीता देवी, गीता, कौशल, मुन्नी, जयवती, सविता, जीवनी, राधा और कस्तूरी समेत अन्य कार्डधारकों ने प्रशासन से जल्द चीनी उपलब्ध कराने की मांग की है।