हिंदूवाला के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, मौके पर ही तोड़ा दम; ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से थे चर्चित


सहसपुर। शुक्रवार सुबह बल्लमपुर-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिंदूवाला के पास तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी यूट्यूबर आस मोहम्मद उर्फ आशु (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वह देहरादून से करीब 18 लाख रुपये की नई स्पोर्ट्स बाइक की डिलीवरी लेने के बाद हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब की ओर जा रहे थे।
सहसपुर कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि देहरादून से बाइक लेने के बाद आस मोहम्मद बल्लमपुर-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग से पांवटा की ओर निकले थे। हिंदूवाला के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक सोशल मीडिया पर ‘आशु यूके राइडर’ के नाम से चर्चित थे। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब नौ लाख फॉलोवर बताए जा रहे हैं। नई बाइक की डिलीवरी के बाद शुरू हुआ सफर कुछ ही देर में उनका आखिरी सफर बन गया।
हादसे की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और फॉलोवर में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट के जरिए श्रद्धांजलि दी।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने युवाओं से अपील की कि बाइक चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज रफ्तार से बचें और हाईवे पर हेलमेट के साथ गति पर नियंत्रण रखें।
