महिलाओं के लिए हाईटेक टॉयलेट, मुफ्त बस यात्रा और पिंक ई-बस की सौगात

सीएम धामी ने रक्षाबंधन पर की कई घोषणाएं, स्वरोजगार ऋण की सीमा भी बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये की

देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और पर्यटन क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की। इनमें स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और गरिमा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने घोषणा की कि रोडवेज बसों में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली मुफ्त यात्रा सुविधा अब 65 वर्ष के बजाय 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को भी मिलेगी। इससे बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें पिंक ई-बस के रूप में महिलाओं को समर्पित की जाएंगी। इस सुविधा को आगे अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जाएगा।

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा दो लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को रोजगार मांगने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनाने के लिए प्रयासरत है।