नहर किनारे गला कटा शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

एसपी देहात ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, पुलिस को गहन जांच के निर्देश

मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र में नहर किनारे एक व्यक्ति का गला कटा शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। एसपी देहात ने पुलिस टीम को घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।

एसपी देहात ने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।