अजमेरी बाजार में दुकानों में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

कलियर। साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच मंगलवार देर रात करीब एक बजे दरगाह पहाड़ी गेट के पास अजमेरी बाजार में आर्टिफिशियल ज्वैलरी और खिलौनों की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकानों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगने से बाजार में अफरातफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सूचना देने के करीब 20 मिनट बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैलती रही और आसपास की दुकानों के भी आग की चपेट में आने का खतरा बना रहा। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

उर्स के चलते इन दिनों कलियर में बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद हैं। बाजार के बीच आग लगने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा आर्टिफिशियल ज्वैलरी, खिलौने और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदारों के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।

आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सूझबूझ से बची कबूतरों की जान

अजमेरी बाजार में आग लगने के दौरान स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दुकानों के पीछे स्थित खानकाह में पिंजरे में बंद कबूतरों को भी सुरक्षित बचा लिया। आग बढ़ने का खतरा देखते ही लोगों ने तुरंत पिंजरे को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। लोगों की तत्परता से कबूतर आग की चपेट में आने से बच गए।