ऑपरेशन प्रहार के तहत 24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

पिरान कलियर, संवाददाता। कलियर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बाइक चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि बेड़पुर निवासी जावेद ने 7 जुलाई को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल संख्या यूके-08 एबी-3559 सोहलपुर रोड के पास खेत से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना पर धनौरी स्थित एनआईसी कॉलेज और तिरछा पुल के बीच बावन दर्रा लिंक मार्ग से दो युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 5 जुलाई की शाम सोहलपुर रोड किनारे खेत से बाइक चोरी की थी और उसे बेचने के लिए सलेमपुर की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च चलाने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार और विशाल कुमार, निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई राम अवतार, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी और कांस्टेबल इसरार अली सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।