उत्तराखंड में 17 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी रखने और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा है। 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में येलो अलर्ट है। 15 अगस्त को प्रदेशभर में येलो अलर्ट रहेगा। 16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल तथा 17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर देहरादून में कल स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास न जाने तथा आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।