

शिवपुरी। शिवपुरी उर्फ सौंपरी गांव से दो अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए अंकित की उसी रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपियों ने शव को बाइक समेत गंगा में फेंक दिया था। पुलिस और एसडीआरएफ के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में मंगलवार को अंकित का शव और उसकी बाइक गंगा से बरामद कर ली गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बाइक लेकर निकला था घर से
सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरी उर्फ सौंपरी गांव निवासी अंकित दो अगस्त की रात बाइक लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और एसएसआई नितिन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार मामले की छानबीन कर रही थीं।
परिजनों की सूचना से मिला सुराग
अंकित के परिजनों ने एक दिन पहले गांव के कुछ व्यक्तियों के संबंध में पुलिस को जानकारी दी थी। इस पहलू से जांच आगे बढ़ाने पर पुलिस को अहम सुराग मिले। मंगलवार को पुलिस ने सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी, सभी निवासी शिवपुरी उर्फ सौंपरी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
शुरुआत में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन गहन पूछताछ में उन्होंने अंकित की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
गंगा में मिला शव और बाइक
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान गांव के समीप गंगा से अंकित का शव और उसकी बाइक बरामद कर ली गई। देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
अवैध खनन को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंकित अवैध खनन को लेकर पुलिस से उनकी शिकायत करता था। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। आरोपियों ने इसके बाद अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
