

देहरादून। प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही घर बैठे निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना का शुभारंभ करेंगे।
योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। इसका लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा।
यूपीएससी-पीसीएस सहित कई परीक्षाओं की तैयारी
योजना के तहत विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज (यूपीएससी और पीसीएस), रक्षा सेवाओं (सीडीएस), बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट बैठक में इस योजना को लेकर विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार इसे जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में है।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा फायदा
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के जरिए युवाओं को घर बैठे मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। योजना विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए मददगार साबित हो सकती है, जो आर्थिक कारणों से महंगी निजी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते।
दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग उपलब्ध होने से उन्हें बड़े शहरों में जाए बिना विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री मिल सकेगी। सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन और सफलता का अवसर मिलेगा।
