

देहरादून। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए सड़क हादसे में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। चार खंभा चौक के पास पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने पैदल जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे एंबुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस को चार खंभा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे तत्काल एंबुलेंस से निजी अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर मृतका की बड़ी बहन कृतिका रावत मौजूद थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मृतका वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत, पटेल नगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली की रहने वाली थी। वैष्णवी ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
पीछे से आया ट्रैक्टर, चपेट में आई छात्रा
कृतिका के मुताबिक, वह अपनी बहन वैष्णवी के साथ चार खंभा चौक से पैदल कमरे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है।
रात अधिक होने के कारण पुलिस सोमवार को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
