

रुड़की। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में रुड़की के युवा नेता प्रणय प्रताप सिंह को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संगठन को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रणय प्रताप सिंह प्रदेश सचिव के रूप में संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से पार्टी के मंच पर उठाएंगे।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना प्राथमिकता
प्रदेश सचिव बनाए जाने पर प्रणय प्रताप सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व और विशेष रूप से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को और मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, विकास त्यागी, मेला राम प्रजापति, मदन पाल भड़ाना, संजय गुड्डू, पूर्व पार्षद रिजवान अहमद, नीरज सैनी, उम्मेद गाजी, मुस्तकीम अहमद, अनिल पुंडीर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रणय प्रताप सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
