

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले की तैयारियों के तहत गुरुवार को पिरान कलियर में प्रशासन, पुलिस और दरगाह प्रबंधन ने संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान दरगाह के मुख्य मार्गों समेत कई स्थानों से अस्थायी एवं अनाधिकृत कब्जे हटवाए गए। प्रशासन का उद्देश्य उर्स के दौरान आने वाले लाखों जायरीन की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाना है।
मुख्य मार्गों से हटाया सामान
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत पीपल चौक, टंकी चौक, नवाब बाजार और दरगाह मुख्य मार्ग पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अधिकारियों ने सड़क और पैदल मार्ग पर फैला दुकानदारों का सामान हटवाया। वहीं, कई दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।
तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने बताया कि उर्स मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार मधुकर जैन, एसएसआई राजेश बिष्ट, लेखपाल गुलाफशा, लेखाकार सद्दाम, सुपरवाइजर इंतखाब आलम, राव सारिक नियाज़ी, राव सिकंदर और असलम समेत प्रशासन, पुलिस और दरगाह प्रबंधन के कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए मुख्य मार्गों और पैदल रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्राथमिकता है। इसके लिए आने वाले दिनों में भी निगरानी और कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
