चुनावी साल में 2,477 पदों पर खुलेगा नौकरी का पिटारा, दिसंबर से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी, 1,470 पदों की परीक्षाएं भी होंगी

देहरादून। चुनावी वर्ष में उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। विभिन्न विभागों में खाली करीब 2,477 पदों पर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर से पहले भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। वहीं, जिन 1,470 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी है।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि दिसंबर से पहले करीब 2,477 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी और परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी समेत कई पद शामिल हैं।

1,470 पदों की परीक्षा दिसंबर तक

इसके समानांतर उन पदों की भर्ती परीक्षाएं भी कराई जाएंगी, जिनके लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आयोग के अनुसार 1,470 पदों के लिए दिसंबर तक परीक्षा कराने की तैयारी है। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न सेवाओं के तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर और विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं।

34 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार पहले दिन से ही बेरोजगारी की समस्या को दूर करने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सरकारी विभागों में खाली पदों को अभियान चलाकर भरने का काम किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इससे योग्य युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे।