

देहरादून। हरिद्वार-देहरादून मार्ग पर मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे बुधवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद हर्रावाला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय कार पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि कार चालक की पहचान हिमांशु जोशी पुत्र नरेश चंद्र, निवासी 14/01 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून के रूप में हुई है। वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। हिमांशु जोशी सुरक्षित रूप से कार से बाहर निकल आए थे।
चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन चलाते समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने से कार में आग लग गई, जिसके बाद कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जबकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
