फर्जी अधिकारी बन रिश्वत मांगने का मामला: सीबीआई ने आरोपी ऋषि गुप्ता की सात दिन की रिमांड मांगी

देहरादून। खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर रिश्वत मांगने के आरोपी ऋषि गुप्ता से पूछताछ के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने स्पेशल कोर्ट में सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की है। एजेंसी आरोपी के नेटवर्क और देशभर में की गई कथित ठगी के मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।

मामला ऊधमसिंह नगर निवासी एक पोल्ट्री फार्म संचालक की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उन्होंने पशुपालन विभाग की योजना के तहत 22 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ऋषि गुप्ता ने खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भेजा।

पीड़ित ने क्यूआर कोड पर पांच हजार रुपये जमा करने के बाद पूरे मामले की शिकायत सीबीआई से की। प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई ने 30 जून को उस बैंक खाते के संचालक को गिरफ्तार किया, जिसमें रकम भेजी गई थी। इसके बाद एजेंसी ऋषि गुप्ता की तलाश में जुटी रही।

सीबीआई ने तीन दिन पहले आरोपी को आगरा स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर कई अन्य लोगों को भी सरकारी अधिकारी बनकर ठगी का शिकार बनाया है। इन्हीं मामलों में पूछताछ और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए सीबीआई ने अदालत से सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की है।