मंगलौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ढाई लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम भगवानपुर चंदपुर निवासी तनवीर पुत्र इब्राहिम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 10.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गठित पुलिस टीमें लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं तथा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई करने वाली टीम

  • उपनिरीक्षक रविन्द्र जोशी
  • हेड कांस्टेबल शूरबीर सिंह
  • कांस्टेबल मनीष

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।