


रुड़की। जेईई (एडवांस्ड)-2026 परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक का एक फर्जी और भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रुड़की पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता और आईआईटी के प्रोफेसर एसपी हर्षा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा टेलीग्राम चैनल के माध्यम से जेईई (एडवांस्ड)-2026 परीक्षा का पेपर लीक होने का झूठा दावा करते हुए एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। वीडियो में 17 मई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में मनगढ़ंत और भ्रामक जानकारी दिखाई गई है, जिससे परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

शिकायत में कहा गया है कि इस प्रकार की भ्रामक सामग्री परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को प्रभावित कर सकती है तथा सार्वजनिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर डाल सकती है। प्रोफेसर हर्षा ने वीडियो बनाने, अपलोड करने, साझा करने और प्रसारित करने में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इसके साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स, डिजिटल स्रोतों और किसी संभावित संगठित नेटवर्क की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। शिकायतकर्ता ने जांच में सहयोग के लिए स्क्रीनशॉट, लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
रुड़की कोतवाली के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर अपराध समेत विभिन्न कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें और अफवाहों से बचें।
