दोस्त को मनाने के लिए लगाया ‘गुमशुदगी’ का पोस्टर, मजाक पहुंचा थाने तक

रुड़की। दोस्तों के बीच हुई नाराजगी को दूर करने के लिए किया गया एक मजाक पुलिस तक पहुंच गया। कई दिनों से बातचीत बंद होने पर कुछ युवकों ने अपने दोस्त को ही ‘लापता’ घोषित कर दिया और उसकी तस्वीर वाले गुमशुदगी के पोस्टर शहर की दीवारों पर चस्पा कर दिए। इतना ही नहीं, पोस्टर में उसे ढूंढकर लाने वाले के लिए सिगरेट की एक डिब्बी इनाम के रूप में घोषित कर दी गई।

जानकारी के अनुसार रेलवे रोड निवासी एक युवक की अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने अपने दोस्तों से बातचीत बंद कर दी। दोस्त उसे मनाने का तरीका खोज रहे थे और उन्होंने मजाक-मजाक में युवक की फोटो के साथ ‘गुमशुदा’ लिखवाकर पोस्टर तैयार करा दिए।

इन पोस्टरों को अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र की दीवारों पर लगाया गया। इसके बाद पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया। मामला तब गंभीर हो गया जब युवक और उसके परिजनों की नजर इस वायरल वीडियो पर पड़ी।

परिजनों ने इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में एक युवक ने बताया कि उनका मित्र कई दिनों से उनसे नाराज था और बातचीत नहीं कर रहा था। उसे मनाने और मजाक के तौर पर उन्होंने यह कदम उठाया था।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि सभी संबंधित युवकों को थाने बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई, ताकि भविष्य में इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और भ्रामक मजाक दोबारा न किए जाएं।