


भगवानपुर। टांडा भागमल गांव स्थित श्री शिव स्टोन क्रेशर के चौकीदार नरेंद्र कुमार ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए भिक्कमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है।
नरेंद्र कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि मंगलौर क्षेत्र के ठसका गांव निवासी अश्वनी ने खुद को बड़ा इंजीनियर बताते हुए दावा किया कि उसका एक भाई सचिवालय तथा दूसरा लोक निर्माण विभाग में कार्यरत है। आरोपी ने अपने प्रभाव का हवाला देकर नरेंद्र कुमार के बेटे की सरकारी नौकरी आसानी से लगवाने का भरोसा दिया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी की बातों पर विश्वास कर नरेंद्र कुमार ने अलग-अलग माध्यमों से उसके बैंक खाते में ऑनलाइन कुल तीन लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित का कहना है कि सभी लेनदेन का रिकॉर्ड उसके पास सुरक्षित है।
नरेंद्र कुमार के मुताबिक, रुपये देने के करीब आठ माह बाद भी उसके बेटे की नौकरी नहीं लग सकी। जब उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने आरोपी के परिजनों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
इसके बाद नरेंद्र कुमार ने भिक्कमपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर धोखाधड़ी से हड़पे गए तीन लाख रुपये वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
