


रुड़की। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 4.92 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ग्राम शहीदवाला ग्रांट के पास पुलिस को दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से स्मैक बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, शहीदवाला ग्रांट निवासी 27 वर्षीय सचिन के कब्जे से 2.41 ग्राम तथा बंजारेवाला निवासी 28 वर्षीय सुमित के कब्जे से 2.51 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के पास से कुल 4.92 ग्राम स्मैक मिली।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशा तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
