JEE अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, 75% से कम अंक वाले भी काउंसलिंग में होंगे शामिल

रुड़की: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने जेईई अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 12वीं में न्यूनतम पात्रता अंक (75% या 65%) प्राप्त नहीं करने वाले छात्र भी फिलहाल चल रही जेईई काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस निर्णय से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो बोर्ड परीक्षा के अंकों के कारण काउंसलिंग से बाहर होने की आशंका में थे।

आईआईटी रुड़की के अनुसार, सामान्य, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस वर्ग के जिन छात्रों के 75 प्रतिशत से कम अंक हैं तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के जिन छात्रों के 65 प्रतिशत से कम अंक हैं, वे भी अपनी जेईई रैंक के आधार पर काउंसलिंग में भाग लेकर अपनी पसंद के संस्थान और शाखा का चयन कर सकते हैं। प्रारंभिक चरण में किसी भी पात्र अभ्यर्थी को केवल बोर्ड अंकों के आधार पर बाहर नहीं किया जाएगा।

हालांकि संस्थान ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा अस्थायी है। अभ्यर्थियों को अपनी श्रेणी के अनुसार आवश्यक पात्रता अंक प्राप्त करने के बाद संशोधित अंकपत्र या सुधार परीक्षा का परिणाम 15 जुलाई 2026 तक orgjee@iitr.ac.in पर भेजना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करने पर आवंटित सीट निरस्त की जा सकती है।

संस्थान के अनुसार, छात्रों का प्रवेश तभी अंतिम रूप से मान्य होगा जब वे अपडेटेड मार्कशीट प्रस्तुत करेंगे। यह दस्तावेज चौथे काउंसलिंग राउंड के बाद आवंटित सीट के सत्यापन के दौरान आवश्यक होगा।

यह फैसला ऐसे समय आया है जब सीबीएसई की ऑनलाइन कॉपी मूल्यांकन प्रणाली को लेकर कई छात्र सवाल उठा रहे हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं में त्रुटियों और मिलान संबंधी समस्याओं की शिकायत की है। ऐसे में आईआईटी रुड़की का यह निर्णय प्रभावित छात्रों के लिए राहतभरा कदम माना जा रहा है।