


देहरादून
धामी सरकार ने भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं को सरकार में नए दायित्व सौंपते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नामांकन किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई नेताओं को निगमों, समितियों और आयोगों में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
शासन के आदेश के तहत देहरादून निवासी तथा डीएवी कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पारस गोयल, विशाल गुप्ता और ऋतु मिश्रा को गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) में गैर-सरकारी निदेशक के पद पर नामित किया गया है। इन नियुक्तियों को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके अलावा सीमांत जनपद चमोली के जोशीमठ निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता माधव सेमवाल को बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति में चारधाम यात्रा से संबंधित मामलों के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया है। चारधाम यात्रा के संचालन और व्यवस्थाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण दायित्व को लेकर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वहीं, चंपावत निवासी मनोज कालाकोटी को उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार की ओर से की गई इन नियुक्तियों को संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ लेने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में इन नियुक्तियों को आगामी योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
