चारधाम यात्रा में जाम से यात्री परेशान, तीन दिन का सफर दस दिन में पूरा

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है, लेकिन यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर संकरी सड़कें और बदहाल रास्ते यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन रहे हैं। लगातार लग रहे जाम के कारण वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे हैं, जिससे चारधाम यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है।

यात्रा पर पटना से आए अमित कुमार ने बताया कि कदम-कदम पर जाम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तीन दिन में पूरी होने वाली यात्रा में अब दस दिन लग गए हैं। उनका कहना है कि पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर जाम और अधिक बढ़ रहा है।

वहीं यात्री धनंजय कुमार ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि एक सप्ताह में यात्रा पूरी हो जाएगी, लेकिन अब तक 12 दिन बीत चुके हैं और घर पहुंचते-पहुंचते करीब 15 दिन लग जाएंगे।

वाहन चालक अक्षय चावला ने बताया कि वह सवारियों को बदरीनाथ और केदारनाथ दर्शन के लिए लेकर आए थे, लेकिन एक घंटे का रास्ता तय करने में दोगुना समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

इधर प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम अलकेश नौडियाल ने बताया कि प्रशासन चारधाम यात्रियों की हर संभव मदद कर रहा है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिकारियों को सड़क संबंधी दिक्कतें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।