


रुड़की में ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रही एक महिला साइबर ठगों के जाल में फंस गई। ठग ने खुद को कंपनी का मैनेजर बताकर महिला को नौकरी का झांसा दिया और आवेदन प्रक्रिया के नाम पर भेजे गए लिंक से उसके खाते से 32 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
जानकारी के अनुसार गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की पुरानी तहसील निवासी सुनीता ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रही थीं। बुधवार को उन्होंने फेसबुक पर ऑनलाइन जॉब से जुड़ा एक विज्ञापन देखा, जिसमें संपर्क के लिए मोबाइल नंबर दिया गया था।

महिला ने दिए गए नंबर पर कॉल की तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एक कंपनी का मैनेजर बताया। आरोपी ने कहा कि उनकी कंपनी में ऑनलाइन काम करने वाली महिलाओं की भर्ती चल रही है और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा।
महिला उसकी बातों में आ गई और व्हाट्सएप पर आए लिंक को खोल दिया। लिंक ओपन करते ही महिला के बैंक खाते से 32 हजार रुपये निकल गए। कुछ देर बाद मोबाइल पर रकम कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जिस मोबाइल नंबर से महिला से संपर्क किया गया था, उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन नौकरी, लोन या इनाम के नाम पर भेजे गए किसी भी संदिग्ध लिंक को बिना जांचे न खोलें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
