


ऋषिकेश। साप्ताहांत पर तीर्थनगरी ऋषिकेश में भारी यातायात दबाव के चलते सुबह से ही भीषण जाम की स्थिति बनी रही। सुबह सात बजे से शुरू हुआ जाम दोपहर तीन बजे तक जारी रहा। हालात ऐसे रहे कि वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी इंद्रमणि बडोनी चौक से तपोवन बाजार मार्ग पर देखने को मिली, जहां करीब सात किलोमीटर का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे तक का समय लग गया। मुनिकीरेती पुलिस द्वारा लागू किए गए ट्रैफिक प्लान भी पूरी तरह फेल साबित हुए।

वाहनों का दबाव बढ़ने पर जब तपोवन क्षेत्र में ट्रैफिक पूरी तरह थम गया तो ऋषिकेश यातायात पुलिस को नेपाली फार्म से वाहनों को डायवर्ट करना पड़ा। सुबह से ही चारधाम यात्रा और वीकेंड पर्यटन के चलते बड़ी संख्या में वाहन शहर में प्रवेश कर रहे थे।
नेपाली फार्म से लेकर श्यामपुर पुलिस चौकी और बाइपास मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाइपास मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय से इंद्रमणि बडोनी चौक तक सड़क पूरी तरह वाहनों से पैक रही। वहीं भद्रकाली और ब्रह्मानंद मोड़ पर ट्रैफिक आगे न बढ़ने के कारण इंद्रमणि बडोनी चौक से ढालवाला और भद्रकाली तक लंबा जाम लगा रहा।
हालांकि यातायात पुलिस के पर्याप्त जवान मौके पर तैनात थे और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वाहनों के भारी दबाव के सामने व्यवस्थाएं बेअसर नजर आईं। जाम के कारण स्थानीय लोगों, पर्यटकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चारधाम यात्रा सीजन और सप्ताहांत के चलते आने वाले दिनों में भी यातायात दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन के सामने ट्रैफिक प्रबंधन बड़ी चुनौती बना हुआ है।
