युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग, सीएम आज करेंगे योजना का शुभारंभ

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए घर बैठे मिलेगा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

देहरादून। प्रदेश के युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

आर्थिक बाधा नहीं बनेगी सपनों के आड़े

योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा न बने। इसके तहत प्रदेश के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी।

कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

योजना में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं, रक्षा सेवा परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा सामान्य प्रवेश परीक्षा, प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा, अभियांत्रिकी में स्नातक अभिरुचि परीक्षा, राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

पर्वतीय युवाओं को मिलेगा विशेष लाभ

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए अब युवाओं को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। वे घर बैठे ही विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। इससे ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।