नदी में नहाने गए किशोर को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, मौत से गांव में दहशत

(रुड़की)। बुग्गावाला थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नदी में नहाने गए 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ ने खींच लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजा (12) पुत्र प्रमोद गुरुवार दोपहर साइकिल से चीला वाली नदी में नहाने गया था। नदी किनारे बने गड्ढों में पानी भरा हुआ था, जहां मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया।

शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीण जब नदी किनारे पहुंचे तो उन्होंने खून से लथपथ राजा का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत स्वजन और पुलिस को दी गई। शव की स्थिति देखकर मगरमच्छ के हमले की आशंका जताई गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक राजा के पिता प्रमोद मजदूरी करते हैं। परिवार में उसकी दो छोटी बहनें और एक भाई हैं। राजा गांव के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी इसी जगह पर मगरमच्छ दिखाई दिए थे। उस समय वन विभाग को सूचना दी गई थी। वन विभाग की टीम ने गड्ढों का पानी निकलवाकर मगरमच्छ की तलाश भी की थी, लेकिन कोई मगरमच्छ नहीं मिला था।

अब इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में मगरमच्छों की तलाश कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।