कहासुनी के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार

सेलाकुई। थाना क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात कहासुनी के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत निवासी जितेंद्र कुमार ने राजपाल (25) के सीने पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस 108 एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पूछताछ में सामने आया कि जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। बताया गया कि करीब 10-15 दिन पहले भी दोनों के बीच पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों में रंजिश चल रही थी।

पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया है। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।