रुड़की के गोदाम में भीषण आग, फायर यूनिट की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

रुड़की, हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार के रुड़की फायर स्टेशन को गुरुवार शाम लगभग 4:15 बजे एक वाहन अग्निकांड की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और समयबद्ध कार्रवाई के चलते एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया गया।

घटनास्थल एक संकरी गली में स्थित गोदाम की चौथी मंजिल पर था, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने 5 होज पाइप और होज रील फैलाकर पंपिंग शुरू की। गोदाम में रखी रुई, फोम, गद्दे, वायरिंग फिटिंग और अन्य ज्वलनशील सामान में भीषण आग लगी हुई थी।

कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आसपास के आवासीय भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया। हालांकि आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। धुएं और अत्यधिक गर्मी के कारण गोदाम की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

गोदाम स्वामी मोहम्मद शाहिद, निवासी मोहल्ला माहीग्रान, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की, ने आग से लाखों रुपये के नुकसान की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

अग्निशमन कार्य पूरा होने के बाद घटना की सूचना उच्च अधिकारियों और कंट्रोल रूम रुड़की को दे दी गई। फोम जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ के कारण जहरीले धुएं से भरे वातावरण में भी फायर यूनिट के कर्मचारियों ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

घटनास्थल पर पहुंची टीम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी उदयवीर सिंह यादव, लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा, लीडिंग फायरमैन विपिन सैनी, चालक विपिन सिंह तोमर, फायरमैन जगवीर सिंह, दिनेश चौहान, देवेंद्र सिंह भंडारी और सुनील कुमार बंदोलिया शामिल रहे।