

हरिद्वार:
लघु उद्योग भारती उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों ने हरिद्वार के जिलाधिकारी को उनके आवास कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा।

उद्यमियों ने पिछले कुछ महीनों से श्रमिकों के शोषण के नाम पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा औद्योगिक इकाइयों के बाहर किए जा रहे कथित फर्जी धरना-प्रदर्शनों पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने इसे औद्योगिक माहौल और निवेश के लिए नुकसानदायक बताया।

अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष कहा कि यदि किसी इकाई के खिलाफ कोई वास्तविक शिकायत है तो उसके लिए संबंधित विभाग में उचित प्रक्रिया उपलब्ध है। लेकिन जिन व्यक्तियों का संस्थान से कोई संबंध नहीं है, उनके द्वारा गेट पर धरना देना और माहौल खराब करना पूरी तरह गलत है।
उद्यमियों ने उद्योगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि जिले में निवेश और रोजगार प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर उचित और त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में केतन भारद्वाज (जिलाध्यक्ष, रुड़की), मनोज गौतम (जिलाध्यक्ष), विनीत धीमान (जिला महामंत्री, सिडकुल), अशोक शुक्ला (जिला महामंत्री, हरिद्वार ग्रामीण) सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।
अन्य प्रमुख उपस्थित लोगों में बी.बी. गुप्ता, सुनील पांडे, गौतम कपूर, हिमेश कपूर, कुलतेज बग्गा, मनोज मिश्रा, सुखदेव सिंह, परमिंदर शर्मा और अनुज चौहान शामिल रहे।

