

Dehradun : पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।

सीएम ने स्पष्ट कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और जिन कार्यों को शीघ्र पूरा किया जा सकता है, उनमें किसी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी करने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर काम करना होगा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
सीएम ने हेली एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों से जुड़े प्रस्तावों को विभागों के बीच समय पर भेजने और लंबित मामलों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित वन विभाग के लंबित मामलों की अलग से समीक्षा की जाए। मानसून से पहले बाढ़ नियंत्रण कार्यों को समय पर पूरा करने और इसके लिए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
