केदारनाथ हेली सेवा: 10 अप्रैल से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू, IRCTC से होगी पूरी प्रक्रिया

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण यूकाडा ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार 100% टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी के माध्यम से ऑनलाइन की जाएगी। बुकिंग पोर्टल को 10 अप्रैल से खोलने की तैयारी है।

पहले चरण में 20 दिनों की यात्रा के लिए हेली टिकट बुक किए जाएंगे। रविवार को यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आईआरसीटीसी अधिकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें 21 अप्रैल से शुरू होने वाली शटल सेवा के सुचारु संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस बार हेली सेवा के लिए गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से कुल आठ रूटों पर चार ऑपरेटरों का चयन किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके।

बैठक में मौसम खराब होने के कारण शटल सेवा रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को रिफंड देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। पिछली यात्रा में रिफंड में हुई देरी को देखते हुए अधिकारियों ने इस बार सख्ती बरतने की बात कही। यूकाडा ने आश्वासन दिया कि यदि ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो समय पर रिफंड सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर नोटिस भी जारी किए जाएंगे।