

देहरादून। दून स्थित लच्छीवाला नेचर पार्क में बुधवार से वाइल्ड समर फेस्ट का भव्य शुभारंभ हो गया। 15 जून तक चलने वाला यह फेस्ट प्रकृति और रोमांच का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। समर कार्निवल में हर आयु वर्ग के लिए विशेष आकर्षण रखे गए हैं।

वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि इस फेस्ट का उद्देश्य प्रकृति प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों को एक साथ जोड़ना है। साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों, विशेषकर बच्चों को प्रकृति के करीब लाना इसका मुख्य लक्ष्य है।
फेस्ट के अंतर्गत एडवेंचर जोन में रॉक क्लाइंबिंग सहित कई साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं प्रकृति पथ पर पर्यटक जंगल की शांति के बीच पैदल भ्रमण का आनंद ले सकेंगे।
इसके अलावा सांग नदी के किनारे जल क्रीड़ा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इको-क्राफ्ट्स के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल शिल्प बनाने की कला सिखाई जाएगी। परिवार के साथ समय बिताने के लिए बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यह वाइल्ड समर फेस्ट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।
