मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात, युवक ने पत्नी और दो मासूमों की हत्या कर की आत्महत्या

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, सरवट निवासी पेंटर इरशाद (34) का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी नोरीन (30) का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि दो साल के बेटे आहिल और एक माह की बेटी अक्शा के शव बेड पर मिले। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

ईदी को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, इरशाद की बहन शाहिन चार दिन पहले ईद के मौके पर मायके आई थी। सोमवार सुबह इरशाद ने बहन को ईदी के रूप में 1500 रुपये दिए, जिससे उसकी पत्नी नोरीन नाराज हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि बहन के जाने के बाद नोरीन ने अपनी बहन और मां को घर बुला लिया, जिसके बाद घर में काफी देर तक विवाद और हंगामा हुआ। पड़ोसियों ने किसी तरह मामला शांत कराया।

बंद कमरे में मिले चारों के शव
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक जब इरशाद और बच्चे बाहर नहीं दिखे, तो उसके भाई को शक हुआ। घर पहुंचने पर कमरा अंदर से बंद मिला। रोशनदान से झांककर देखने पर इरशाद का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया, जहां पत्नी और दोनों बच्चों के शव भी पड़े मिले।

जहर देने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले उन्हें जहर दिया गया और बाद में युवक ने आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार के खत्म होने की त्रासदी है, बल्कि घरेलू विवादों के खतरनाक रूप लेने की भी गंभीर चेतावनी है।