नैनीताल में ऑनलाइन ठगी, गैस बुकिंग शिकायत के बहाने महिला से 1.91 लाख रुपये हड़पे

नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गैस बुकिंग के दौरान शिकायत दर्ज कराने के बहाने एक महिला से करीब 1.91 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़िता ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गार्डन हाउस क्षेत्र निवासी बीना शाह ने 20 मार्च 2026 को इंडेन गैस की बुकिंग की थी। भुगतान सफल न होने पर उन्होंने Paytm के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। इसी दौरान उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क करने को कहा गया।

पीड़िता के मुताबिक, दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को Paytm से जुड़ा बताया और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए कुछ प्रक्रियाएं कराईं। इसी दौरान उनके बैंक खाते से 84,539 रुपये और 9,999 रुपये ‘मो फरहान’ नाम के व्यक्ति को ट्रांसफर हो गए।

इसके बाद 21 मार्च को ठग ने दोबारा कॉल कर पैसे वापस करने का झांसा दिया और ‘अंजली’ नाम पर अलग-अलग ट्रांजैक्शन करवाकर और रकम हड़प ली। इस तरह कुल 1,91,487 रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।

बैंक से आए मैसेज के बाद पीड़िता को धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से एक अन्य नंबर से लगातार कॉल कर परेशान किया जा रहा है।

मामले में कोतवाल हरम पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक के जरिए स्क्रीन शेयरिंग या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।