दिव्यांशु हत्याकांड: 11 आरोपी अब भी फरार, पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी में

दिव्यांशु हत्याकांड में शामिल 15 नामजद आरोपियों में से 11 आरोपी घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब इनाम घोषित करने के साथ-साथ गैर-जमानती वारंट जारी करने की तैयारी कर रही है।

गौरतलब है कि 23 मार्च की देर रात प्रेम नगर थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छात्रों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई इस भिड़ंत में मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु जाटराणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर में गहरी चोट आई थी, जिसके बाद 24 मार्च की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने हत्या और बलवा की धाराओं में 15 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। घटना के तुरंत बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि बृहस्पतिवार को एक और आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बावजूद 11 आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। अब इन पर इनाम घोषित करने और गैर-जमानती वारंट जारी करने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।

परिजनों में आक्रोश, देहरादून कूच की तैयारी

दिव्यांशु के परिजनों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। सोशल मीडिया पर मुजफ्फरनगर क्षेत्र के लोगों के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें देहरादून कूच की बात कही जा रही है। परिजनों का आरोप है कि अब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

विरोध स्वरूप परिजनों ने देहरादून कूच की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।