

रुड़की। बहादराबाद और करौंदी टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों से वसूले जा रहे टोल शुल्क को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। इस मुद्दे पर पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता ठाकुर संजय सिंह ने प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने टोल प्लाजा का मुख्य उद्देश्य सड़कों के रख-रखाव और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाना है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और शहरवासियों को बार-बार टोल चुकाना पड़ रहा है, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने भारत सरकार की गाइडलाइन का हवाला देते हुए बताया कि टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निजी और व्यावसायिक वाहनों को नियमानुसार छूट दी जा सकती है, लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
ठाकुर संजय सिंह ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि रुड़की शहर के लोग कोर इंजीनियरिंग कॉलेज से नेशनल हाईवे का उपयोग करते हैं, जिसकी दूरी बहादराबाद टोल प्लाजा से लगभग 8 से 10 किलोमीटर है। इसी तरह करौंदी टोल प्लाजा के आसपास के ग्रामीण भी कम दूरी तय करते हैं, फिर भी उनसे पूरा टोल शुल्क लिया जा रहा है।
उन्होंने परिवहन मंत्री से मांग की है कि स्थानीय निवासियों को नियमों के अनुसार टोल में राहत दिलाई जाए और संबंधित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि इस समस्या के समाधान से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
