

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी का पावन पर्व रामनगरी अयोध्या में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है और पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।

सुबह से ही श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सरयू तट पर करीब 500 मीटर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु पवित्र स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारों में लगे हुए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामनगरी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पूरे क्षेत्र को 6 जोन और 29 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
दर्शन का समय बढ़ाया गया
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दर्शन की प्रक्रिया सामान्य समय से लगभग एक घंटे पहले शुरू कर दी गई है। यह व्यवस्था देर रात करीब 11 बजे तक जारी रहेगी।
दोपहर 12 बजे होगा राम जन्मोत्सव
रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्म का विशेष उत्सव मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर देशभर के करीब 8000 मंदिरों में एक साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा, जिससे भक्तों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
पूरी अयोध्या नगरी “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज रही है और हर ओर भक्ति का अद्भुत माहौल बना हुआ है।
