पिथौरागढ़ में सनसनी: चाची, सगे और चचेरे भाइयों ने मिलकर युवक की हत्या, शव जंगल में फेंका

पिथौरागढ़ जिले के वनराजी क्षेत्र के भक्तिरवा किमखोला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक की उसके ही सगे भाई, चाची और दो चचेरे भाइयों ने मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को जंगल में ठिकाने लगा दिया।

पुलिस के अनुसार, 22 मार्च को कुंदन सिंह (35) का अपनी चाची बसंती देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बसंती देवी के बेटे जनक सिंह (25) और रमेश सिंह (21) मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुंदन का सगा भाई प्रदीप सिंह (30) भी वहां आ गया। चारों ने मिलकर कुंदन सिंह पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपियों ने अगले दिन 23 मार्च को शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक की पत्नी रेखा देवी ने जौलजीबी थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने जंगल में खोजबीन कर शव बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मृतक का परिवार के साथ अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके चलते यह घटना हुई।

मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। सीओ केएस रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।