
पिरान कलियर। ड्रग्स विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को कलियर स्थित एक ढाबे के पीछे से प्रतिबंधित नशीली दवाओं का भारी जखीरा बरामद किया है। सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दवाओं से भरे बोरे को कब्जे में लेकर सील कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सुबह के समय ड्रग्स विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि कलियर के एक ढाबे के पिछले हिस्से में नशीली दवाओं से भरा एक बोरा पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही ड्रग्स इंस्पेक्टर हरीश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान ढाबे के पीछे एक बोरा मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं भरी हुई थीं। टीम ने बोरे को कब्जे में लेकर सील कर दिया और उसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया।
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब विभागीय टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति ढाबे के पीछे बोरा डालते हुए दिखाई दे रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि किसी रंजिश के चलते ढाबा स्वामी को फंसाने के उद्देश्य से यह हरकत की गई हो सकती है।
वरिष्ठ ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि बरामद नशीली दवाओं को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को इस मामले में न फंसाया जाए।
