
Roorkee : ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई महिला के मामले में मायके पक्ष के लोग सोमवार को एक बार फिर सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने महिला के पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को गंगनहर में धक्का दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी कुछ वर्ष पहले सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। बताया गया कि दो दिन पहले महिला अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।
महिला के लापता होने की सूचना मिलने पर उसके मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। वहां ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें बताया गया कि महिला सोलानी पार्क के पास गंगनहर में कूद गई है। यह बात सुनकर मायके पक्ष के लोग स्तब्ध रह गए।
इसके बाद रविवार को महिला के परिजन सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। सोमवार को एक बार फिर परिजन कोतवाली पहुंचे और दामाद पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। परिजनों ने महिला की जल्द से जल्द बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
