तहसील भवन निर्माण में विस्फोट से पांच घरों में दरारें, ग्रामीणों में आक्रोश…

उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड मुख्यालय के ढुमक नामे तोक में निर्माणाधीन तहसील भवन के लिए किए जा रहे विस्फोटों से आसपास के करीब पांच मकानों में दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग और ठेकेदार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों — अभिषेक रमोला, सुनील नौटियाल, सूरज नौटियाल, जगन्नाथ प्रसाद और अंकित सेमवाल — ने बताया कि वर्ष 2010, 2012 और 2013 की आपदाओं में उनके पुराने मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद शासन-प्रशासन की ओर से पुनर्वास के तहत ढुमक क्षेत्र में भूमि आवंटित की गई। लंबी जद्दोजहद के बाद आपदा प्रभावितों ने वहां अपने नए घर बनाए, लेकिन अब चल रहे निर्माण कार्य से उन पर फिर खतरा मंडराने लगा है।

अभिषेक रमोला ने बताया कि क्षेत्र में तहसील भवन का निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि रात के समय चट्टान काटने के लिए विस्फोट किए जा रहे हैं, जिससे पांच घरों और उनकी सुरक्षा दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। विस्फोट से उत्पन्न कंपन के कारण लोगों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की है कि भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार कार्य कराया जाए, अन्यथा आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

विभागीय सूत्रों के अनुसार ठेकेदार को विस्फोट करने की अनुमति नहीं है और उसे चेतावनी भी दी गई है। आगे यदि किसी प्रकार का नुकसान होता है तो उसकी भरपाई ठेकेदार को स्वयं करनी होगी।