
देहरादून में पिछले 15 दिनों के भीतर सिलसिलेवार हुई चार हत्याओं से सनसनी फैल गई है। हाल ही में सिल्वर सिटी मॉल में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब एक और हत्याकांड का खुलासा होने से शहर में दहशत का माहौल है।
पिछले कुछ हफ्तों में जिला अपराध के मामलों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहा है। विक्रम हत्याकांड के बाद बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया। आठ जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई। 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद देहरादून के एसएसपी को हटाकर नए कप्तान की नियुक्ति की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मुखबिर तंत्र मजबूत करने, अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने पर जोर दिया। इसके बाद जिलेभर में वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
इस माह हुई प्रमुख हत्याएं
02 फरवरी : गुंजन हत्याकांड
दूल्हा बाजार में गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से काटकर हत्या कर दी गई। आरोपी आकाश से उसका पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी है।
09 फरवरी : दिगंबर धीमान हत्याकांड
दिगंबर की हत्या नौ फरवरी को हुई थी, लेकिन 11 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज होने के बाद जांच शुरू हुई। मंगलवार को एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि दोस्तों के बीच नशे में हुए विवाद के बाद हत्या की गई।
11 फरवरी : अर्जुन शर्मा हत्या
तिब्बती मार्केट के बाहर टेनिस खेलकर लौट रहे गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या की साजिश में परिजनों की संलिप्तता की भी जांच चल रही है।
13 फरवरी : विक्रम शर्मा हत्याकांड
सिल्वर सिटी मॉल में विक्रम शर्मा को सीढ़ियों के पास घात लगाकर बैठे शूटरों ने नजदीक से कई गोलियां मारीं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
लगातार सामने आ रहे हत्याकांडों से आम जनता में दहशत और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता गहराती जा रही है।
